Breaking News
Home / breaking / पेप्सी के एरिया मैनेजर की लाश फ्लैट में फंदे से लटकी मिली

पेप्सी के एरिया मैनेजर की लाश फ्लैट में फंदे से लटकी मिली

Demo pic
हजारी बाग। पेप्सी कंपनी के एरिया मैनेजर सागर सुमन (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कनहरी रोड स्थित सुष्मित अपार्टमेंट में गमछे के सहारे पंखे से लटका उनका शव बरामद किया गया। रात में सागर सुमन ने फ्लैट में अपने दोस्तों संग पार्टी की थी। उनकी पत्नी मायके गई हुई हैं।

शहर की कोर्रा थाना पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्र ने बताया कि सागर सुमन का तबादला देवघर हो गया था। इसी खुशी में रविवार की रात्रि में उन्होंने अपने फ्लैट में पार्टी दी थी। पार्टी में कंपनी में काम करने वाले उनके कई दोस्त शामिल हुए थे। सोमवार को दोपहर तक फ्लैट का दरवाजा बंद रहने पर आसपास के लोगों को आशंका हुई। इस पर उसी अपार्टमेंट में रहनेवाले पेप्सी के मैनेजर को सूचना दी गई।

 

काफी खटखटाने पर भी जब फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने उसे तोड़ दिया। अंदर कमरे का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। सागर सुमन पंखे के सहारे फांसी पर लटके हुए थे। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

सागर सुमन बिहार के बांका जिले के रहने वाले थे। उनकी पत्नी तीन दिन पहले ही मायके चली गई थी। वह चार साल से सुष्मित अपार्टमेंट में रह रहे थे। उनकी एक डेढ़ साल की बेटी भी है। सागर सुमन के परिचितों के अनुसार वह काफी हंसमुख स्वभाव के थे। उन्हें देखकर कहीं से भी नहीं लगता था कि वह किसी तनाव में थे।

Check Also

VIDEO : बारातियों की तरह बैंड-ढोल और लाइट उठाने वालों की भी खातिरदारी

आखातीज के अबूझ सावे पर अजमेर में एक शादी बनी मिसाल अजमेर। आखातीज जैसे अबूझ …