Breaking News
Home / breaking / महाराष्ट्र में समुद्र तट पर 8 लाशें मिलीं, डूबे जहाज के कार्मिक होने का अंदेशा

महाराष्ट्र में समुद्र तट पर 8 लाशें मिलीं, डूबे जहाज के कार्मिक होने का अंदेशा

Demo pic

 

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में समुद्र तट पर 3 अलग-अलग स्थानों पर 8 शव मिले हैं और पुलिस को संदेह है कि ये बजरा पी-305 के पीड़ितों के शव हो सकते हैं, जो चक्रवात ताउते के कारण मुंबई तट पर डूब गया था।

रायगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को मिले 8 शवों में से 5 मंडवा तट पर बहकर आए, 2 अलीबाग में और एक शव मुरुड में मिला है।

शवों की अभी पहचान नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन और राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को शवों के बारे में सूचित कर दिया गया है। नौसेना के एक प्रवक्ता ने पहले बताया था कि बजरा पी-305 चक्रवात ताउते के दौरान समुद्री लहरों के कारण गत सोमवार को डूब गया था और शनिवार को समुद्र तल पर दिखा था।
नौसेना ने बताया था कि शनिवार को छह और लोगों के शव मिलने के बाद इस हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 66 हो गई जबकि नौ कर्मी अब भी लापता हैं। उसने बताया कि घटना के समय बजरा पी-305 पर 261 कर्मी सवार थे, जिनमें से अभी तक 186 को बचा लिया गया है।
बजरा पी-305 पर सरकारी तेल और गैस कंपनी ओएनजीसी के एक अपतटीय तेल ड्रिलिंग प्लेटफॉर्म के रखरखाव के काम में लगे कर्मी थे। उक्त बजरा गुजरात जाते वक्त तेज गति वाली हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों के कारण मुंबई तट के पास सोमवार शाम को डूब गया था।

बजरा पी-305 के नौ लापता कर्मियों के अलावा नौसेना और तटरक्षक बल नौका वरप्रदा के उन 11 लोगों की भी तलाश कर रहा है जो चक्रवात के बाद लापता हो गए थे। वरप्रदा पर सवार 13 लोगों में से दो को बचा लिया गया था। शनिवार को गुजरात के वलसाड जिले में अरब सागर के तट पर चार शव पाए गए थे।

वलसाड के पुलिस अधीक्षक राजदीप सिंह झाला ने कहा, चार शवों पर वर्दी और जीवनरक्षक जैकेट देखकर ऐसा लगता है कि वे सभी उस बजरा के सदस्य थे जो मुंबई तट पर डूब गया था।

Check Also

9 लाख की सोने की चेन लेकर ग्राहक चंपत, ज्वैलर्स के उड़े होश

कुचामनसिटी. शहर के घाटी कुआं बाजार से ज्वैलर की दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवक …