Breaking News
Home / breaking / मोदी ने 4 राज्यमंत्रियों का प्रमोशन किया, 9 नए मंत्री शामिल

मोदी ने 4 राज्यमंत्रियों का प्रमोशन किया, 9 नए मंत्री शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नए मंत्रिमंडल में चार राज्य मंत्रियों धर्मेद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल और मुख्तार अब्बास नकवी को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और नौ को राज्य मंत्री बनाया गया है, जिनमें से चार पूर्व नौकरशाह हैं।

मोदी के मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद प्रधानमंत्री सहित कुल 76 मंत्री हो गए हैं, जिनमें 28 कैबिनेट मंत्री हैं।

मंत्रियों को राष्ट्रपति भवन में 35 मिनट तक चले शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शपथ दिलाई। समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और कुछ नए मंत्रियों के परिवार के सदस्य शामिल हुए।

पदोन्नत हुए चार मंत्री पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान, विद्युत, कोयला, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा व खनन मंत्री पीयूष गोयल, वाणिज्य व उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी हैं।

पूर्व राजनयिक हरदीप सिहं पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (सांसद), पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह (सांसद), पूर्व नौकरशाह केजे अल्फोंस और सासंदों अश्विनी चौबे, शिव प्रताप शुक्ला, वीरेंद्र कुमार, अनंत कुमार हेगड़े और राजकुमार सिंह को राज्य मंत्री बनाया गया है।

मंत्रिमंडल विस्तार में जनता दल-युनाइटेड सहित भाजपा के सहयोगी दलों को जगह नहीं मिली।

नए मंत्रियों या मौजूदा मंत्रियों को कौन सा मंत्रालय मिला है, इस बारे में प्रधानमंत्री की संस्तुति पर राष्ट्रपति भवन से प्रेस विज्ञप्ति जारी होने के बाद ही पता चल पाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री चीन रवाना हो गए।

Check Also

मुस्लिम आक्रांताओं के मजहबी उन्माद का साक्षी अढ़ाई दिन का झोपड़ा

  अजमेर। अढ़ाई दिन का झोपड़ा आजकल चर्चा में है। सात मई को जैन आचार्य सुनील …