Breaking News
Home / breaking / योगी बोले – राहुल गांधी तो बीजेपी के लिए बेहद Lucky

योगी बोले – राहुल गांधी तो बीजेपी के लिए बेहद Lucky

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी को भारतीय जनता पार्टी के लिए शुभ बताते हुए कहा है कि उनके कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा ने पांच राज्यों में विजय हासिल की।

योगी ने त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद रविवार को पत्रकारों से कहा कि गुजरात के चुनाव से पहले गांधी की ताजपोशी हुई थी। हम लोगों ने पहले ही कह दिया था कि गांधी भाजपा के लिए शुभ रहेंगे। उनके उपाध्यक्ष रहते हुए भाजपा ने दस राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी ने पांच राज्यों में केसरिया फहराया।

तीनों राज्यों में भाजपा के प्रदर्शन से गदगद योगी ने दावा किया कि पार्टी अब बंगाल, उड़ीसा, केरल और कर्नाटक में भी जीत हासिल करेगी। इन चारों राज्यों में भी जल्दी चुनाव होने हैं। भाजपा जीतेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि वामपंथी हिंसा से ग्रस्त और अलगाववाद से प्रभावित रहे राज्य में कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से कमल खिला है। वामपंथ के गढ़ को ध्वस्त कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक काम किया है। त्रिपुरा में दो तिहाई से अधिक बहुमत की सरकार बनने जा रही है। मोदी के सुशासन और विकास को वहां की जनता ने स्वीकार कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने वामपंथ के झूठे दावे को ध्वस्त किया। त्रिपुरा की सरकार जनता को छल रही थी। वहां की जनता विकास से वंचित थी। केवल नारो से छला जा रहा था। नागालैंड में भाजपा गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। कमोवेश मेघालय में भी यही होगा।

उनका कहना था कि कच्छ से कोहिमा तथा कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा की सरकार है। यह पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है, इससे प्रधानमंत्री की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।

विवादित राम जन्मभूमि मसले को बातचीत से हल किए जाने के श्रीश्री रविशंकर के प्रयासों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी और श्रीश्री से पुरानी मुलाकात है। हाल ही में उनकी श्रीश्री से हुई बातचीत का राजनीतिक मायने लगाने के बजाए सामान्य रुप से लिया जाना चाहिए। श्रीश्री जब यहां आते हैं तो उनसे मुलाकात होती है। शिष्टाचार भेंट को किसी विशेष रुप में नहीं लिया जाना चाहिए।

तीन राज्यों के कल आए चुनाव परिणामों का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को दिया। उनका कहना था कि मोदी का सुशासन और विकास तथा शाह का कुशल शिल्पकार होना पार्टी को लगातार फायदा पहुंचा रहा है। दोनों की नीतियों काे कार्यकर्ताओं ने जमीन पर उतारा। राष्ट्रीय एकता की पहचान के आधार पर भी यह जीत महत्वपूर्ण है।

उपेक्षित पूर्वोत्तर राज्यों में विकास की भावना पैदा की गई। तीनों राज्यों की जीत साबित करता है कि राजनीति को परिवारवाद और जाति में बांटकर अधिक दिनों तक सामाजिक जीवन में नहीं रहा जा सकता। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा जीतेगी। जनता का मोदी की नीतियों में विश्वास है। वह अन्य दलों को नकार देगी।

Check Also

 12 मई रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, शुक्ल पक्ष, पंचमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह …