Breaking News
Home / breaking / भूस्खलन की चपेट में आया घर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

भूस्खलन की चपेट में आया घर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

 

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले के टिगडो गांव में लगातार बारिश के कारण शुक्रवार को हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।

टिगडो गांव में आज तड़के करीब 0230 बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया जिसमें रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य मलबे में जिंदा दब गए। मृतकों में आठ महीने का एक बच्चा भी शामिल है। सभी शवों को मलबे से निकाल लिया गया है।

 

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भूस्खलन के कारण हुई इन चार मौतों पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य और इसके लोग इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ हैं। खांडू ने मृतक के परिवार को सहायता राशि के रूप में तत्काल चार लाख रुपए देने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से पूरे राज्य में तबाही मची है। विभिन्न स्थानों और राजधानी के आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन की रिपोर्टें सामने आई हैं। सड़क यातायात बुरी तरह बाधित हो गया है और नालों एवं नदियों में जल प्रवाह बढ़ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने राज्य के सभी लोगों से एहतियात बरतने और संवेदनशील स्थानों पर रहने से बचने का अनुरोध किया है।

Check Also

एबीवीपी का विद्यार्थी स्नेहमिलन समारोह एसपीयू में आयोजित

न्यूज नजर डॉट कॉम गंगटोक। सिक्किम प्रोफेशनल युनिवर्सिटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सिक्किम …