Breaking News
Home / breaking / साध्वी ने कराई मसाज, पिक्चर देखी और हो गई फरार

साध्वी ने कराई मसाज, पिक्चर देखी और हो गई फरार


अहमदाबाद। धोखाधड़ी के मामले में साबरमती जेल में बंद रहकर पेरोल पर बाहर आई साध्वी जयश्री गिरि गुरुवार को पुलिस को चमका देकर फरार हो गई। इससे पहले उसने एक मॉल में मसाज कराई और फिर फिल्म बाहुबली-2 देखी। इसके बाद मौका मिलते ही उडऩ-छू हो गई।


दरअसल धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अहमदाबाद की साबरमती जेल भेजा था।


उसने कई बार जमानत और परोल लेने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट से इजाजत नहीं मिली थी। इन दिनों वह पेरोल पर छूटी हुई थी। उसके वकीलों ने गुजरात हाईकोर्ट में उसकी पेरोल अवधि बढ़ाने की अर्जी लगा रखी थी। जैसे ही उसकी पेरोल अर्जी खारिज हुई, वकीलों ने उसे फोन कर दिया।

तब साध्वी हिमालया मॉल के सिनेमा हॉल में फिल्म देख रही थी। उससे कहा कि अगले एक घंटे में वापस साबरमती जेल जाना होगा। लेकिन बाहर की हवा खा चुकी साध्वी वापस जेल नहीं जाना चाहती थी।

उस समय साध्वी के वकील की पत्नी उसके साथ थी। मौका मिलते ही साध्वी उसी कार में मॉल से भाग निकली। बताया जा रहा है कि आगे उसे एक अन्य कार लेने आई और साध्वी उसमें सवार होकर फरार हो गई।

पुलिस का अलर्ट, जगह-जगह तलाश

साध्वी के फरार होने के बाद अहमदाबाद पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस उस साध्वी की जगह-जगह तलाश कर रही है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने साध्वी और उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने साध्वी के साथ तैनात पुलिसकर्मियों व उन वकीलों को गिरफ्तार कर लिया है जिनके यहां साध्वी पेरोल के दौरान रुकी थी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी

क्राइम ब्रांच के अनुसार साध्वी ने फरार होने से पहले मॉल में मसाज भी कराया था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हो गई है।

बातों में उलझाया

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के अनुसार साध्वी के साथ लगाए गए चार पुलिसकर्मी में से तीन घटना के वक्त उसके साथ ड्यूटी पर होने की बजाय अपने घर पर ही थे। केवल एक महिला कांस्टेबल बेला उसके साथ थी, जिसे साध्वी के अनुयायी दक्ष परमार ने बातों में उलझाया और साध्वी भाग निकली।

पुलिस ने चारों पुलिस कर्मियों पर संगीन लापरवाही और भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही साध्वी को भगाने में मदद करने वाले उसके दो अनुयायी को भी अरेस्ट किया गया है। उसके वकीलों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Check Also

4 मई शनिवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास , कृष्ण पक्ष, एकादशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 08.39 …