Breaking News
Home / मध्यप्रदेश / युद्ध स्तर पर हो रही सिंहस्थ की तैयारियां, कई चुनौतियां सामने

युद्ध स्तर पर हो रही सिंहस्थ की तैयारियां, कई चुनौतियां सामने

kumbh
गुना। सिंहस्थ आयोजन को लेकर रेलवे में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रहीं हैं। स्टेशन को जहाँ सजाया-संवारा जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कई अन्य व्यवस्थाएं भी स्टेशन पर जुटाई जा रहीं है। इसको लेकर रेलवे ने प्रस्ताव तो काफी समय पहले ही बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया था, वहाँ से स्वीकृति मिलने के बाद अब प्रस्ताव में शामिल व्यवस्थाओं को अमल में लाना भी शुरु कर दिया गया है।
व्यवस्थाओं के तहत 6 नई टिकिट खिडक़ी बनाई जाने लगीं हैं तो स्टेशन परिसर में श्रद्धालु यात्रियों के लिए शेड भी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा चूंकि सिंहस्थ के दौरान कई नई ट्रेनें भी चलने की संभावना है तो इसके मद्देनजर प्लेटफार्मों पर भी अतिरिक्त व्यवस्था जुटाई जा रही है। खासकर स्टेशन पर गहराए जलसंकट के मद्देनजर पेयजल को लेकर अधिक गंभीरता बरती जा रही है। कुल मिलाकर आयोजन के दौरान श्रद्धालु यात्रियों के भारी तादाद में उमडऩे के चलते व्यवस्थाओं को लेकर रेलवे अधिकारियों के हाथ-पैर फूले हुए है, यहीं कारण है कि उनके द्वारा आए दिन दौरा कर समीक्षा की जा रही है।
स्टेशन पर रहेगा श्रद्धालु यात्रियों का भारी दबाव
सिंहस्थ आयोजन के दौरान रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालु यात्रियों का भारी दबाव रहेगा। इस दौरान पूरे समय स्टेशन पर श्रद्धालु यात्रियों की भारी भीड़भाड़ रहने वाली है। खुद रेलवे भी इस बात को समझ रहा है, की अगर इस बीच व्यवस्थाएं दुुरुस्त नहीं रखी गईं तो भारी परेशानी खड़ी होने वाली है। यहीं कारण है कि रेलवे अधिकारियों के व्यवस्था जुटाने के चलते हाथ-पैर फूले हुए है। रेलवे में इन दिनों व्यवस्थाएं जुटाने दिन-रात काम चल रहा है। तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही है और खुद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों की नित्य समीक्षा करने में लगे हुए है।
फिलहाल 2 टिकिट खिडक़ी, 6 और बन रहीं
स्टेशन पर सिंहस्थ को लेकर 6 नई टिकिट खिडक़ी बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों को टिकिट लेने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। यह टिकिट खिडक़ी सिंहस्थ तक ही संचालित होंगी, बाद में इन्हे बंद कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले लंबे समय से 2 टिकिट खिडक़ी संचालित हो रहीं है, जो आम दिनों में ही कम पड़ती है, एक और टिकिट खिडक़ी बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, किन्तु इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सुबिधाओं के लिए सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रैंप भी बनेगा
सुविधाओं की दृष्टि से प्लेटफार्म क्रमंाक 1 पर कैंटीन के सामने रैंप भी बनाया जाएगा। जिससे निशक्त श्रद्धालुओं को एक प्लेटफार्म से दूसरे फ्लेटफार्म पर आने-जाने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके साथ ही स्टेशन के ठीक सामने परिसर में शेड भी तैयार कराया जाने लगा है। आज इसके लिए गड्ढे खोदे गए। रेलवे के अनुसार इस शेड में सैकड़ों की संख्या में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के अनुसार सिंहस्थ आयोजन के दौरान गुना स्टेशन पर प्रतिदिन 4 से 5 हजार श्रद्धालु यात्रियों के बढऩे की संभावना है। इनके लिए बड़े पैमाने पर रेलवे द्वारा व्यवस्थाएं जुटाई जा रही है।
होमगार्ड की विशेष टुकड़ी हो रही तैयार
सिंहस्थ के दौरान स्टेशन पर उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान व्यवस्था बनाने होमगार्ड की विशेष टुकड़ी भी तैयार की जा रही है। करीब 400 से 500 जवानों की इस विशेष टुकड़ी को खास तौर से सिंहस्थ आयोजन के लिए ही तैयार किया जा रहा है। इसके लिए इन्हे प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। बताया जाता है कि इन जवानों की सेवाएं अस्थाई तौर पर ली जा रहीं है, सिंहस्थ पूरा होते ही इनकी सेवाएं स्वत: ही समाप्त हो जाएंगी। इसके साथ ही जीआरपी, आरपीएफ के जवान भी अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही जिला पुलिसबल की भी मदद ली जाएगी। एक जानकारी के मुताबिक करीब 2 हजार जवान सिंहस्थ में स्टेशन पर व्यवस्था संभालेंगे।
नई ट्रेनों के लिए तैयार हो रहे प्लेटफार्म
इसके साथ ही दर्जनों ट्रेनें भी नई चलाई जा रहीं हैं। हालांकि कितनी गाड़ी चलेंगी और कब सेे शुरु होंगी।इसके बारे में अभी जानकारी नहीं आई है।लेकिन नई गाडिय़ों को देखते हुए प्लेटफार्म पर व्यवस्थाएं जरुर जुटाई जाने लगीं हैं।
चुनौती होगा जलसंकट से निपटना
सिंहस्थ की तैयारियों में रेलवे के लिए स्टेशन पर व्याप्त जलसंकट की समस्या से निबटना चुनौतीपूर्ण होगा। गौरतलब है कि स्टेशन पर हर साल गर्मी की तरह इस साल भी पानी की गंभीर समस्या है, हाल ही में साबरमति ट्रेन के यात्रियों ने इसको लेकर करीब पौन घंटे तक हंगामा खड़ा किया था। सिंहस्थ के दौरान हजारों यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था रेलवे कैसे कर पाएगा? यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। खुद रेलवे के अधिकारी भी इसका फिलहाल संतुष्टिजनक जवाब नहीं दे पा रहे है।
सिंहस्थ को लेकर न सिर्फ रेलवे स्टेशन बल्कि आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी विशेष तैयारियां की जा रहीं हैं। सिंहस्थ के दौरान हाईवे पर भी वाहनों का काफी दबाव रहेगा, इसे ध्यान में रखकर ही तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है। वाहनों की भारी तादाद के चलते हाइवे पर जाम नहीं लगे और यातायत सुगम बना रहे इसके लिए पुलिस विभाग वैकल्पिक मार्गों बनाकर रखेगा। साथ ही अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे। इसके साथ ही कोटा को निकलने वाले भारी वाहन को शिवपुरी से डायवर्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
24 घंटे रहेंगे जवान तैनात
हाइवे पर जो डेंजर जोन हैं वहां पर के्रन और पुलिस कर्मी २४ घंटे तैनात रहेंगे। इसके लिए कुछ निश्चित स्थान भी चिन्हित किए गए हैं। जिन पर क्रेन के साथ पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसमे म्याना,बिलोनिया, गादेरघाटी, रुठियाई, आवन आदि चिन्हित किए गए हैं।
यह मार्ग रहेंगे वैकल्पिक
हाइवे पर पर यातायात का दबाव कम रहे, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी बनाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन के अनुसार मधुसूदनगढ़,आरोन सिरोंंज रोड का इस्तेमाल वैकल्पिक मार्ग के लिए किया जा सकता है। जिससे यात्रियों को परेशानी न हो।

Check Also

अचानक कार का गेट खोलने से हुआ हादसा, बस के नीचे आए तीन छात्र

दमोह। यहां एक कार चालक की गलती का खामियाजा बाइक सवार युवकों को उठाना पड़ा। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *