Breaking News
Home / breaking / शुभयात्रा के लिए दादी अम्मा ने प्लेन के इंजन में डाल दिए सिक्के, यह हुआ बखेड़ा

शुभयात्रा के लिए दादी अम्मा ने प्लेन के इंजन में डाल दिए सिक्के, यह हुआ बखेड़ा

 

शंघाई। रेल या बस में यात्रा करते समय आपने कई लोगों को नदी-तालाब में सिक्के फेंकते हुए देखा होगा। भारत के ग्रामीण इलाकों में यह नजारे आम हैं लेकिन चीन में एक अंधविश्वासी महिला यात्री ने अपनी शुभयात्रा के लिए प्लेन के इंजन में सिक्के डाल दिए।

उसकी इस हरकत से सभी दंग रह गए। साथ ही फ्लाइट भी घंटों लेट हो गई। महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

यह रोचक घटना शंघाई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घटी। 80 साल की वृद्ध महिला अपने पति, बेटी और दामाद के साथ यात्रा कर रही थी। वह शंघाई एयरपोर्ट पहुंची और गुआंगजौ जाने वाली इस फ्लाइट में बैठने लगी।

उसने फ्लाइट में सवार होते समय इंजन की ओर 9 सिक्के फेंके। 8 सिक्के बाहर गिर गए, लेकिन 9वां निशाने तक पहुंच गया। एक यात्री ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया और तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी।


इससे हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में फ्लाइट में बैठे 150 यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंजन की मरम्मत और जांच की गई।

 

इस कवायद में फ्लाइट काफी लेट हो गई। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना के लिए उसने सिक्के इंजन में डाले थे।

चाइना सदर्न एयरलाइंस ने सोशल मीडिया साइट वीबो पर बयान जारी कर कहा कि एक वरिष्ठ यात्री ने प्लेन के इंजन में सिक्के डाल दिए, जिस वजह से फ्लाइट लेट हो गई। पुलिस उस यात्री को वहां से ले गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंजन की मरम्मत और जांच की गई।

Check Also

अवैध मदरसे पर छापा, 21 बच्चों को कराया मुक्त

लखनऊ। दुबग्गा के अवैध मदरसे से बाल आयोग की टीम ने 21 बच्चों को मुक्त …