Breaking News
Home / breaking / रजनी ने जीते 50 लाख रुपए, 75 लाख के सवाल पर छोड़ा शो

रजनी ने जीते 50 लाख रुपए, 75 लाख के सवाल पर छोड़ा शो

मुंबई। भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े व दिलचस्प गेम शो केबीसी (कौन बनेगा करोड़पति) में आरा की बहू रजनी मिश्रा ने 50 लाख रुपए जीत लिये। हालांकि 75 लाख के सवाल पर वे अटक गईं और अंतत उन्होंने गेम छोड़ दिया। उक्त सवाल था- किस शहर की प्रयोगशाला में बंदरों में मंकिपॉक्स का पहला मामला आया था? इसमें चार विकल्प थे- जोहान्सबर्ग, कुआलालुम्पुर, टोकियो व कोपेनहेगेन। इसका उत्तर कोपेनहेगेन होगा।

गेम छोड़ने के बाद रजनी ने इसका उत्तर जोहान्सबर्ग बताया। यदि वे गेम नहीं छोड़ती तो उत्तर गलत होता। वीडियो कॉल ए फ्रेंड भी इस सवाल का जवाब देने में मदद नहीं कर पाये। उन्हें जोहान्सबर्ग व कोपेनहेगेन में कनफ्यूजन था और दोनों ही होने की संभावना जताई थी। हालांकि रजनी मिश्रा ने बहुत ही बढ़िया खेला और खेल के तरीके की गेम के होस्ट अमिताभ बच्चन ने काफी प्रशंसा की।

खेल के दौरान रजनी ने आरा का नाम नहीं लिया और वे खुद को बिहार की बता रही थीं। वे फिलहाल पं बंगाल के दुर्गापुर में इंजीनियर पति के साथ रह रही हैं। रजनी के हॉट सीट पर पहुंचते ही आरा शहर समेत भोजपुर जिले के लोगों में भी उत्सुकता बढ़ गयी थी। इसका प्रसारण गुरुवार की रात हुआ और गेम क्विट करने के साथ ही गुरुवार का गेम समाप्त हो गया।

रजनी मिश्रा की प्रारंभिक शिक्षा तो मध्य प्रदेश से हुई है पर शादी के बाद उच्च शिक्षा आरा शहर से ही अर्जित की है। आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में बीएड और मास्टर की डिग्री हासिल की है। इनके पति गोपाल तिवारी अभी राइट्स में सीनियर इनिजिनियर हैं और वर्तमान में दुर्गापुर में रहते हैं। वे मूल रूप से आरा शहर के पकड़ी के रहने वाले हैं। रजनी मिश्रा भी मूल रूप से आरा की रहने वाली हैं। दोनों को एक बेटा और एक बेटी है।

Check Also

रामलला के दर्शन कर भावुक हुए पाकिस्तानी श्रद्धालु

अयोध्या। पाकिस्तान के 33 शहरों के 223 श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दरबार में …