Breaking News
Home / breaking / योगी के राज में नहीं सुधरी पुलिस, सिपाही ने किशोरी पर बिगाड़ी नीयत

योगी के राज में नहीं सुधरी पुलिस, सिपाही ने किशोरी पर बिगाड़ी नीयत


बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाने में सिपाही ने शुक्रवार रात शौच के लिए निकली किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। बेटी के साथ हुए अपराध की जानकारी मिलने पर पिता की सदमे से मौत हो गई।

आरोपी सिपाही के खिलाफ कई धाराओं व पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक रेवती थाना के गोपाल नगर चौकी पर कार्यरत सिपाही धर्म (38) ने शुक्रवार रात शौच के लिए निकली नाबालिग लड़की को पकड़ लिया और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया।

किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए और भाग रहे सिपाही को पकड़ कर जमकर पिटाई की। उधर बेटी के साथ हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर लड़की के पिता को सदमा लगा और हार्टअटैक से मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया। किशोरी के चाचा की तहरीर पर रेवती पुलिस ने सिपाही के खिलाफ कई धाराओं के अलावा पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सुजाता सिंह ने सिपाही को सस्पेंड भी कर दिया। शनिवार सुबह गांव में एसडीएम बैरिया राधेश्याम पाठक, सीओ बैरिया रामदरश यादव कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने किशोरी के पिता के शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह ने बताया कि किशोरी के चाचा ने सिपाही के खिलाफ भारतीय दंड विधान की छेड़खानी व मृत्यु के लिए उत्प्रेरित करने के आरोप तथा पॉस्को एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर रेवती थाने के बजाए शहर कोतवाली में भेज दिया और उसे निलंबित भी कर दिया।

भाजपा के क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह ने मामले में पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ है, लेकिन पुलिस ज्यादती कर रही है।

Check Also

4 मई शनिवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास , कृष्ण पक्ष, एकादशी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 08.39 …