Breaking News
Home / breaking / अब  महाराष्ट्र के गढचिरौली में नक्सली हमला, 16 जवान शहीद

अब  महाराष्ट्र के गढचिरौली में नक्सली हमला, 16 जवान शहीद

नागपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में आज नक्सलियाें ने एक शक्तिशाली विस्फोट कर पुलिस के एक वाहन को उड़ा दिया जिससे 16 पुलिसकर्मी शहीद हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़चिरौली में माओवादियों ने पुलिस के वाहन को उस वक्त निशाना बनाया जब पुलिस की एक टीम एक अभियान पर जा रही थी। इससे पहले सुबह नक्सलियों ने गढ़चिरौली क्षेत्र में एक सड़क बनाने वाली कंपनी के कम से कम 25 वाहन जला दिए थे। नक्सलियों द्वारा पुलिस वाहन उडाए जाने के बाद पुलिस और नक्सलियों के बीच फायरिंग भी हुई।

राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नक्सलियों के इस कायराना हमले में सी-60 बल के हमारे 16 जवान शहीद हाे गए हैं और मेरी संवेदनाए शहीद जवानों के परिजनों के साथ हैं। मैं पुलिस महानिदेशक और गढ़चिरौली के पुलिस प्रमुख के संपर्क मेंं हूं। मुख्यमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नक्सली समस्या से और कड़ाई से निपटा जाएगा।

बख्शेंगे नहीं -मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र के गढचिरौली जिले में पुलिस की एक टीम पर नक्सली हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

मोदी ने टि्वट कर हमले की निंदा करते हुए कहा कि गढ़चिरौली में हमारे सुरक्षाकर्मियों पर कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम करता हूं। इनके बलिदान को हमेशा याद रखा जायेगा। पीड़ित परिवारों के प्रति शोक और संवेदनाएं। इस हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सिंह ने कहा कि नक्सलियों ने हताशा में यह कायराना हमला किया है। हमें अपने जवानों की बहादुरी पर गर्व है। देश की सेवा में इनका सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से इस हादसे के बारे में बात की है और बहादुर पुलिसकर्मियों की जान जाने पर दुख जताया है। हम राज्य सरकार को हर तरह की मदद दे रहे हैं और गृह मंत्रालय स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

Check Also

 2 मई गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, नवमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह …