Breaking News
Home / breaking / डेरा समर्थकों ने 2 घण्टे में फूंक दी 20 करोड़ की सम्पत्ति

डेरा समर्थकों ने 2 घण्टे में फूंक दी 20 करोड़ की सम्पत्ति

 

पंचकूला। साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद भड़के उसके चेलों ने पंचकूला में 2 घण्टे में 20 करोड़ रुपए की संपत्ति फूंक दी।

यह केवल पंचकूला में हुए नुकसान का आकलन है। देश के बाकी हिस्सों में हुए नुकसान का हिसाब होना बाकी है। साथ ही पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स जवान जख्मी हुए सो अलग। अब हाईकोर्ट के निर्देशानुसार लोगों को अपने नुकसान का शत प्रतिशत मुआवजा मिलेगा। उम्मीद की जा रही है कि सरकार पहले खुद उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा देगी। इसके बाद डेरा सच्चा सौदा से इसकी वसूली की जाएगी।

यूं करेंगे दावा

सरकार ने एक विशेष पोर्टल बनाया गया है। इसके जरिए लोग अपने नुकसान का क्लेम करेंगे। लोगों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिया जाएगा।

यह हुई मशक्कत

शनिवार को जिला कलेक्टर गौरी पराशर जोशी अपने अधिकारियों के साथ मीटिंग कर नुकसान का जायजा लेती रहीं। पुलिस ने भी शहर की सड़कों पर शुक्रवार की हिंसा में जले वाहनों को दिन चढ़ने से पहले ही सड़कों से उठाकर शहर से बाहर चंडीमंदिर स्थित पुलिस स्टेशन में रखवा दिया।

यह हुई पंचकूला में बर्बादी

पंचकूला में हुई आगजनी की घटनाओं में 28 वाहनों को जलाया गया, जिनमें सरकारी वाहन भी शामिल हैं। दो सरकारी भवनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इनमें आयकर भवन व हरियाणा के हारट्रोन कार्यालय शामिल हैं।

6 निजी दुकानों को भी जलाया गया व दो स्ट्रक्चर भी जलाए गए जिनमें एक बार व एक एच.डी.एफ.सी. बैंक का ए.टी.एम. शामिल है।

इसके अलावा जीरकपुर-पंचकूला हाईवे पर गुस्साए डेरा प्रेमियों ने एक टी.वी. चैनल की ओबी वैन को आग लगाने के साथ साथ तीन गाडिय़ों को आग की भेंट चढ़ा दिया था।

हैफेड लाइट प्वाइंट पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। यहां 6 ओ.बी. वैनों के साथ 20 कारें और एक दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहनों को  आग की भेंट चढ़ा दिया गया। यहीं पर सरकारी दफ्तरों में तोडफोड़ व आगजनी हुई।

इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान के अलग-अलग शहरों में रेलवे स्टेशन से लेकर ट्रेन के डिब्बे और बिजलीघर से लेकर बसें और पान की थड़ी तक जला दी गई हैं। इनका आकलन बाकी है।

 

Check Also

 5 मई रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

  वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, द्वादशी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, …