Breaking News
Home / breaking / नेपाल पुलिस के साथ झड़प में गोली लगने से भारतीय युवक की मौत

नेपाल पुलिस के साथ झड़प में गोली लगने से भारतीय युवक की मौत

 

पीलीभीत। नेपाल पुलिस के साथ सीमा पर तीन भारतीय लोगों की किसी बात को लेकर झड़प हो गई। इससे नेपाल पुलिस की फायरिंग में एक भारतीय युवक की मौत हो गई है। एक व्यक्ति लापता है।  घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए हैं। भारत की तरफ से पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे हैं। मामला मादक पदार्थ की तस्करी का बताया जा रहा है।

हजारा थाना क्षेत्र के गांव राघवपुरी टिल्ला नंबर चार के गोविंदा सिंह, गुरमीत सिंह, पप्पू सिंह नेपाल के बेलौरी बाजार में किसी काम से गए थे। शाम को वापस लौटते समय नेपाली पुलिस से किसी बात को लेकर उनकी झड़प हो गई।

फायरिंग में गोविंदा सिंह (26) गंभीर घायल हो गया। बेलौरी प्राथमिक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। देर रात पीलीभीत के एसपी जय प्रकाश ने कहा कि वह मौके पर जा रहे हैं। अभी कुछ कह नहीं सकते हैं।

 

एसपी के अनुसार नेपाल सीमा पर वहां की पुलिस के साथ किसी बात को लेकर तीन लोगों की झड़प हुई है। इस दौरान नेपाल पुलिस की गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उसकी लाश नेपाल के अस्पताल में ही है। एक व्यक्ति इस तरफ भाग आया है। एक अन्य व्यक्ति लापता है।

भारतीय सीमा में भाग आए व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उससे पूछताछ के बाद पूरी घटना की जानकारी हो सकेगी। सीमा पर फोर्स पूरी तरह अलर्ट है। मौके पर एसडीएम, सीओ और अन्य पुलिस बल मौजूद है। फिलहाल सीमा पर शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। नेपाल पुलिस से भारतीय पुलिस और एसएसबी के जरिये संपर्क बना हुआ है।

Check Also

पत्नी ने चाकू से पति का नाजुक अंग काटने का प्रयास किया

बिजनौर। स्योहारा में एक महिला ने दरिंदगी दिखाते हुए अपने पति के हाथ पैर बांधकर …