Breaking News
Home / breaking / पूर्व सांसद पुतुल कुमारी छह साल के लिए भाजपा से निष्‍कासित

पूर्व सांसद पुतुल कुमारी छह साल के लिए भाजपा से निष्‍कासित

 

पटना। बिहार के बांका लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्‍याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने वाली पूर्व सांसद पुतुल कुमारी को भारतीय जनता पार्टी ने छह साल के लिए पार्टी से निष्‍कासित कर दिया है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा ने आज यहां बताया कि पुतुल कुमारी ने बांका से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा है और आज नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के पहले तक अपना नामांकन वापस नहीं लिया, जिसके कारण उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही पार्टी ने बांका के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, पूर्व जिला महामंत्री जयशंकर चौधरी, जिला मंत्री दिनेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवाशीष पाण्डेय, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीलम सिंह,अतिपिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जनार्दन सिंह दांगी एवं नारायण शर्मा, अमरपुर से पार्टी के विरूद्ध कार्य करने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।

गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्‍नी पुतुल कुमारी बांका से सांसद रह चुकी हैं। वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव वह भाजपा की टिकट पर लड़ी थीं, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल के जयप्रकाश नारायण यादव से मुकाबले में वह मामूली मतों के अंतर से चुनाव हार गई थीं। राजग में इस बार सीटों के तालमेल में यह सीट जदयू के खाते में चली गई। इसकी वजह से भाजपा पुतुल कुमारी को प्रत्याशी नहीं बना सकी। जदयू ने बांका से बेलहर के विधायक गिरिधारी यादव को उम्मीदवार बनाया है।

Check Also

 9 मई गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

  वैशाख मास, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, …