Breaking News
Home / breaking / बच्चे को निगला तो गांव वालों ने मगरमच्छ को बनाया बंधक

बच्चे को निगला तो गांव वालों ने मगरमच्छ को बनाया बंधक

श्योपुर। मध्य प्रदेश के एक गांव में लोगों ने मगरमच्छ को बंधक बना लिया है। बंधक बनाए गए मगरमच्छ की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें नजर आ रहा है कि गांव वाले मगरमच्छ को नदी से निकाल रहे हैं। लोगों की भारी भीड़ वहां जमा है। एक विशालकाय मगरमच्छ पर काबू पाने के बाद उसे रस्सी से बांधा गया है। इतना ही नहीं गांव वालों ने उसके मुंह में एक डंडा फंसा दिया है।

दरअसल गांव वालों का कहना है कि इस मगरमच्छ ने एक बच्चे को निगल लिया है। नाराज ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वो अपने पेट से बच्चे को बाहर नहीं निकालेगा वो लोग उसे नहीं छोड़ेंगे।

घटना श्योपुर जिले की है। बताया जा रहा है कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रिंझेंटा गांव के पास स्थित चंबल नदी में 8-10 साल का एक मासूम नहा रहा था। सोमवार की शाम करीब 6 बजे गांव वालों ने लड़के को नदी किनारे रेत के पास देखा।

मगरमच्छ ने जबड़ों में जकड़ा

गांव वालों का कहना है कि उन्होंने खुद देखा है कि नदी से निकले एक मगरमच्छ ने बच्चे को पकड़ लिया और जबड़ों में जकड़कर पानी के अंदर ले गया। इसके बाद गांव वालों ने नदी में जाकर मगरमच्छ को पकड़ लिया। बालक का नाम अतर सिंह केवट बताया जा रहा है।

विशालकाय मगरमच्छ को गांव वालों द्वारा पकड़े जाने के बाद यहां हड़कंप मच गया। गांव वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया है। उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक मगरमच्छ अपने पेट से बच्चे को बाहर नहीं निकालता वो उसे रिहा नहीं करेंगे।

वन विभाग और पुलिस अलर्ट

इधर इस बात की खबर मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस दोनों ही अलर्ट हैं। पुलिस गांव वालों के बीच मौजूद है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में वन विभाग के हवाले से कहा जा रहा है कि मगरमच्छ बच्चे को मार जरूर सकता है लेकिन उसे निगल नहीं सकता।

Check Also

6 मई सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, त्रयोदशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर …