जोधपुर। शहर के न्यू पावर हाऊस रोड पर सेक्टर सेवन एक्सटेंशन में एक डॉक्टर के घर में रहने वाली नेपाली किशोरी ने आज सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके आत्महत्या का कारण सामने नहीं आया है। मगर पुलिस जांच में जुटी है। बताया गया कि उसने खिडक़ी के पर्दे से फंदा लगाया है। एफएसएल टीम घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कर रही है। उसके घर में काम करने की जानकारी सामने आ रही है। शास्त्रीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने बताया कि न्यू पावर हाऊस रोड स्थित सेक्टर 7 एक्सटेंशन में रहने वाले एक सोनोग्राफी सेंटर संचालक डॉक्टर के घर में रहने वाली नेपाल की 13 साल की किशोरी रंजना पुत्री सतीश ने आज सुबह नौ बजे के करीब घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने खिडक़ी के पर्दे से फंदा लगाया है। वक्त घटना डॉक्टर परिवार घर में ही मौजूद था। किशोरी के आत्महत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।
दुष्कर्म की आशंका से इंकार
पुलिस ने आरंभिक जांच में दुष्कर्म की घटना से इंकार किया है। मगर पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है। डॉक्टर परिवार सदस्य से पूछताछ जारी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी।