Breaking News
Home / breaking / आंदोलनों की गर्मी से झुलस रहे मध्यप्रदेश-राजस्थान

आंदोलनों की गर्मी से झुलस रहे मध्यप्रदेश-राजस्थान



भोपाल/जयपुर। मध्य प्रदेश में कर्ज माफी और फसल के उचित दाम की मांगों को लेकर शुक्रवार को किसानों ने तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सैकड़ों किसानों ने हाईवे पर कब्जा कर लिया।

 

भीषण गर्मी में हजारों वाहन बीच राह में फंस गए। उधर, राजस्थान के सभी संभाग मुख्यालयों पर किसान धरना देकर बैठे हैं। हद तो यह है कि राजस्थान में राजस्व कर्मचारी, ग्रामसेवक व कृषि विभाग के कर्मचारी भी अपनी-अपनी पीड़ा को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

भोपाल के मिसरौद इलाके में शुक्रवार को हाईवे जाम कर रहे राष्ट्रीय किसान मजूदर संघ के राष्ट्रीय संयोजक शिवकुमार शर्मा उर्फ कक्काजी सहित कई किसान नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

 

कक्का जी ने तंज कसा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब तक 6500 घोषणाएं कर चुके हैं, मगर किसी एक पर भी अमल नहीं किया गया है। सरकार चाहे किसानों को गिरफ्तार करे, जेल भेजे, मगर उनकी जुबान को बंद नहीं कर सकती है। किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं।

तीन दिन पहले राज्य में शांति बहाली की उम्मीद जताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दशहरा मैदान पर अपना अनशन तोड़ा था लेकिन हालात काबू में नहीं आ रहे हैं।
शुक्रवार को भोपाल-होशंगाबाद हाईवे पर 11 वें मील के पास किसानों ने जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने कक्काजी और उनके साथी किसानों को अरेस्ट कर लिया है।

मालूम हो कि सिवान में भी एक किसान के आत्महत्या करने की खबर आ रही है। मध्यप्रदेश मेें किसानों की आत्महत्या का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

 

इधर, राजस्थान भी आंदोलन की अग्रि में झुलस रहा है। एक तरफ सरकार का पं.दीनदयाल उपाध्याय पट्टा वितरण शिविर चल रहा है तो दूसरी तरफ राजस्व शिविर लगाए जा रहे हैं। ऐसे में राजस्व कर्मचारियों व ग्रामसेवकों ने गर्म लोहे पर हथौड़ा मारते हुए अपनी मांगों के समर्थन में सामूहिक अवकाश और कलमबंद असहयोग आंदोलन छेड़ दिया है।

Check Also

पुलिसकर्मी की पत्नी ने किया सुसाइड, पति से चल रही थी अनबन

भदोही। शहर की नारायण कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे पुलिसकर्मी की पत्नी …